मामूली बात  को लेकर विवाद में एक की हत्या, सड़क जाम कर प्रदर्शन 

मामूली बात  को लेकर विवाद में एक की हत्या, सड़क जाम कर प्रदर्शन 

देवरिया। जिले के खुखुंदू थाना क्षेत्र के बरवा उपाध्याय में मामूली विवाद में गुरुवार की रात एक अधेड़ की हुई हत्या से आक्रोशित लोगों ने शुक्रवार की तड़के सुबह देवरिया-सलेमपुर हाइवे मार्ग जाम कर दिया। साथ ही पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। मौके पर पहुंचे भाजपा विधायक दीपक मिश्र शाका, एएसपी सुनील कुमार सिंह ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।

साथ ही सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। मिली जानकारी के अनुसार गांव का ही रहने वाला एक युवक रात को तेज रफ्तार बाइक से जा रहा था। गांव के तारकेश्वर गुप्ता ने उसे धीमी गति से बाइक चलाने को कहा। इसी को लेकर उपजे विवाद में तारकेश्वर गुप्ता, राजू, दिनेश गुप्ता समेत कई लोगों की पिटाई कर दी गई। जिसमें से दिनेश गुप्ता की मौत हो गई।

जबकि अन्य लोग घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। वहीं मौत की बाद सुबह लोग आक्रोशित हो गए और मुख्य मार्ग जाम कर दिया।

उनका कहना था कि पुलिस बहुत विलंब से पहुंची। जबकि दिनेश की मौत के बाद भी आरोपियों ने तांडव किया और कई वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है। पुलिस कई बार सख्ती दिखाकर लोगों को हटाने का प्रयास की, लेकिन लोग सड़क से नहीं हटे। विधायक व एएसपी के समझाने के बाद लोग सड़क से हटे और डेढ़ घंटे बाद आवागमन बहाल हो सका। लोगों के आक्रोशित होने की सूचना के बाद पुलिस छावनी में चौराहे को तब्दील कर दिया गया।

सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला के साथ ही खुखुंदू थानाध्यक्ष के अलावा सलेमपुर कोतवाल, लार थाना, बरियारपुर थाना, मईल थाना की पुलिस फोर्स मौके पर लगाई गई है।