देवरिया में अवैध पटाखा भंडारण पर पुलिस का बड़ा एक्शन, मिश्रौली दीक्षित गांव में छापेमारी कर 35 क्विंटल पटाखे जब्त
देवरिया। दीपावली और आगामी त्योहारों के मद्देनजर अवैध पटाखों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत देवरिया पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जनपद के भटनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत मिश्रौली दीक्षित गांव में पुलिस, प्रशासन और क्षेत्राधिकारी की संयुक्त टीम ने एक गोदाम पर औचक छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध पटाखों का जखीरा बरामद किया है। इस कार्रवाई से इलाके के अवैध पटाखा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को काफी समय से मिश्रौली दीक्षित गांव में दीपावली के लिए पटाखों के अवैध भंडारण और बिक्री की सूचना मिल रही थी। सटीक सूचना के आधार पर क्षेत्राधिकारी (सीओ) भाटपार रानी मनोज कुमार और उपजिलाधिकारी (एसडीएम) सलेमपुर के नेतृत्व में भटनी थाना पुलिस की एक टीम गठित की गई। टीम ने तत्काल हरकत में आते हुए गांव के व्यवसाई बैजू मद्धेशिया की दुकान और गोदाम पर छापेमारी की।
अचानक हुई इस छापेमारी के दौरान गोदाम में विभिन्न वैरायटियों के पटाखों का भारी स्टॉक मिला। जब पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने दुकानदार से पटाखों के भंडारण और बिक्री से जुड़े वैध लाइसेंस व अनुमति के कागजात मांगे, तो वह कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए गोदाम में रखे करीब 30 से 35 क्विंटल पटाखों को मौके पर ही जब्त कर लिया। जब्त किए गए पटाखों की सटीक कीमत का आकलन किया जा रहा है।
मामले की पुष्टि करते हुए क्षेत्राधिकारी भाटपार रानी मनोज कुमार ने बताया कि त्योहारों के सीजन में सुरक्षा को ताक पर रखकर बिना किसी सुरक्षा मानकों और बिना लाइसेंस के पटाखों का अवैध भंडारण किया गया था। इस मामले में आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गई है। पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी है कि त्योहारों के दौरान अवैध रूप से पटाखों के निर्माण, भंडारण या बिक्री करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
