देवरिया में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का हुआ शुभारम्भ

देवरिया में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का हुआ शुभारम्भ

देवरिया। जनपद देवरिया में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारम्भ आज किया गया। राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन **09 सितम्बर से 08 अक्टूबर, 2026** तक किया जा रहा है। इस वर्ष की मुख्य थीम *“हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी”* है।

           शुभारम्भ कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने पोषण, स्वास्थ्य एवं बाल विकास के क्षेत्र में सामुदायिक सहभागिता की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम के माध्यम से गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, बच्चों एवं उनके परिवारों को संतुलित आहार, पर्याप्त प्रोटीन, स्वच्छता तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।

          जिला कार्यक्रम अधिकारी आदिश मिश्रा ने बताया कि राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान जनपद की आंगनवाड़ी केन्द्रों पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों का उद्देश्य पोषण सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार, कुपोषण की रोकथाम तथा बच्चों के समग्र विकास के लिए समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।

          उन्होंने बताया कि पोषण माह के दौरान स्थानीय एवं सुलभ खाद्य पदार्थों से पौष्टिक व्यंजन प्रदर्शन, पोषण मेला, प्रोटीनयुक्त आहार के प्रति जागरूकता, पोषण वाटिका की उपज का उपयोग तथा संतुलित आहार संबंधी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। आंगनवाड़ी केन्द्रों पर ताजा पका भोजन, साप्ताहिक मेन्यू रोटेशन तथा भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

         बाल विकास एवं प्रारम्भिक बाल्यावस्था शिक्षा के अंतर्गत अभिभावक-बाल गतिविधियां, कहानी वाचन, चित्रकारी, कविता, खेल तथा प्रारम्भिक उद्दीपन संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 0–3 वर्ष के बच्चों के लिए संशोधित होम विजिट शेड्यूल के अनुसार विकासात्मक मील के पत्थरों की निगरानी तथा आवश्यक परामर्श प्रदान किया जाएगा।

         पोषण माह के दौरान आंगनवाड़ी प्रबंधन समितियों एवं मातृ समितियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। आंगनवाड़ी केन्द्रों पर SNP मेन्यू बोर्ड के प्रदर्शन, भोजन की गुणवत्ता एवं मात्रा की निगरानी तथा सामाजिक अंकेक्षण के माध्यम से सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही को बढ़ावा दिया जाएगा।

         इसके अतिरिक्त, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत पात्र गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के चिन्हांकन, पंजीकरण, लंबित प्रकरणों की समीक्षा तथा लाभों के शीघ्र हस्तांतरण हेतु विशेष अभियान चलाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के सहयोग से टीकाकरण, प्रसवपूर्व जांच, VHSND, अन्नप्राशन दिवस, गोद भराई दिवस तथा अन्य जन-जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।

         जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि पोषण माह को सफल बनाने के लिए बाल विकास परियोजना अधिकारियों, मुख्य सेविकाओं एवं आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। सभी संबंधित विभागों एवं समुदाय के सहयोग से पोषण सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने तथा कुपोषण में कमी लाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

        कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों ने पोषण माह की गतिविधियों को सफलतापूर्वक संचालित करने तथा जनपद को कुपोषण मुक्त बनाने के लिए सामूहिक सहभागिता का संकल्प लिया।