रक्षाबंधन पर्व को दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, 10 नमूने संग्रहित
देवरिया। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के आदेश एवं जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में जनपद में मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोकथाम हेतु विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व राजीव मिश्र, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवरिया द्वारा किया गया। सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय के निर्देशन में गठित विशेष सचल दल ने यह कार्यवाही 04 अगस्त 2025 को बरहज, सदर तहसील एवं देवरिया नगर क्षेत्र में की। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए बाजार में बिक रही मिठाइयों, दूध एवं दुग्ध उत्पादों की शुद्धता की जांच के उद्देश्य से यह कार्यवाही की गई।
बरहज तहसील के भलुअनी बाजार में स्थित मिष्ठान विक्रेताओं से बूंदी के लड्डू, छेना मिठाई सहित कुल तीन नमूने संग्रहित किए गए। इन नमूनों को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों प्रेमचंद्र, नेहा त्रिपाठी एवं श्रीराम यादव द्वारा एकत्र किया गया। इसके अतिरिक्त, देवरिया नगर पालिका क्षेत्र के प्रतिष्ठानों से पेड़ा, गुलाब जामुन तथा बूंदी के लड्डू के नमूने भी संग्रहित किए गए, जिन्हें उपरोक्त अधिकारियों द्वारा अलग-अलग प्रतिष्ठानों से लिया गया।
वहीं सदर तहसील क्षेत्र के प्रतिष्ठानों से बूंदी के लड्डू, बेसन के लड्डू, कलाकंद एवं रसगुल्ला के नमूने खाद्य सुरक्षा अधिकारी घनश्याम वर्मा एवं राजू पाल की टीम द्वारा एकत्र किए गए। इस प्रकार आज कुल 06 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर 07 निरीक्षण किए गए और 10 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए। सभी नमूनों को परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अंतर्गत नियमानुसार विधिक कार्यवाही की जाएगी।
