मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के तहत डीएम ने चार बूथों का किया निरीक्षण
गोरखपुर। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) अभियान के तहत शनिवार और रविवार को जिले में विशेष मतदाता कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इन कैंपों के माध्यम से मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, नामों में संशोधन करने तथा मतदाता विवरण में त्रुटियों को दूर करने की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक मीणा ने रविवार को शहरी क्षेत्र के बूथ संख्या 369, 370, 371 और 372 का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बूथों पर चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम एवं पते में संशोधन, पात्र मतदाताओं के नाम दर्ज करने तथा निर्धारित प्रारूपों में प्राप्त आवेदनों की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की। साथ ही कैंप में पहुंचने वाले नागरिकों को आवेदन प्रक्रिया के संबंध में जानकारी देने और उनके आवेदन समयबद्ध तरीके से प्राप्त करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाने का महत्वपूर्ण अवसर है। अभियान के दौरान 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं, ऐसे पात्र नागरिक जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है तथा मतदाता विवरण में संशोधन कराने वाले लोगों को आवेदन करने के लिए प्रेरित किया जाए। कोई भी पात्र मतदाता मताधिकार से वंचित न रहे, इसके लिए बूथ स्तर पर विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।
उन्होंने बीएलओ को निर्देशित किया कि बूथों पर आने वाले मतदाताओं को आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेजों और निर्धारित प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराएं। प्राप्त आवेदनों का विधिवत सत्यापन किया जाए और किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। मतदाता सूची में नाम, पता, आयु अथवा अन्य विवरणों में त्रुटि होने पर संबंधित मतदाता को सुधार के लिए उचित मार्गदर्शन दिया जाए।
जिलाधिकारी ने नागरिकों से भी अपील की कि वे विशेष कैंपों का लाभ उठाकर अपनी और अपने परिवार के सदस्यों की मतदाता सूची में दर्ज जानकारी की जांच करें। यदि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची में दर्ज होने से छूट गया है तो निर्धारित प्रारूप में आवेदन कर नाम जुड़वाएं। लोकतंत्र में मतदान का अधिकार महत्वपूर्ण है और इसके लिए मतदाता सूची में नाम दर्ज होना अनिवार्य है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम की मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से विधानसभा की मतदाता सूची में नाम दर्ज होने की धारणा नहीं बनानी चाहिए। नागरिक स्वयं विधानसभा की मतदाता सूची में अपना नाम जांचें और नाम दर्ज नहीं होने की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करें।
विशेष कैंपों के माध्यम से प्रशासन मतदाता सूची को अधिक सटीक और समावेशी बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अभियान के दौरान बूथों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा पात्र मतदाताओं को जागरूक कर पुनरीक्षण प्रक्रिया में अधिक से अधिक सहभागिता कराने के निर्देश दिए।
