इंतजार खत्म किसान सम्मान निधि की 20 वीं किस्त का होगा वर्चुअल हस्तांतरण, प्रधानमंत्री करेंगे संवाद
देवरिया। उप निदेशक कृषि ने बताया है कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिनांक 02 अगस्त 2025 को बनौली, सेवापुरी (जनपद वाराणसी) से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त का वर्चुअल रूप से हस्तांतरण किया जाएगा।
यह कार्यक्रम जनपद स्तर, विकास खण्ड स्तर, कृषि विज्ञान केंद्र एवं ग्राम पंचायत स्तर (पंचायत भवन) पर https://pmindiawebcast.nic.in लिंक के माध्यम से वर्चुअल प्रसारण किया जाएगा। कार्यक्रम का प्रसारण प्रातः 10:00 बजे से 11:00 बजे तक स्थानीय स्तर पर किया जाएगा, तत्पश्चात 11:00 बजे से माननीय प्रधानमंत्री जी के मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण (Live Telecast) किया जाएगा।
प्रधानमंत्री जी का कार्यक्रम समाप्त होने के पश्चात प्रदेश स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में उपस्थित लाभार्थियों के साथ सम-सामयिक तकनीकी चर्चाएं एवं जानकारी सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। उप निदेशक कृषि ने जनपद के समस्त कृषकों से अपील की है कि वे इस कार्यक्रम में सहभागिता कर 20वीं किस्त के हस्तांतरण समारोह में भाग लें तथा सम-सामयिक तकनीकी जानकारी एवं विभागीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।
