देवरिया में आकाशीय बिजली के चपेट आने से महिला की मौत
देवरिया। जनपद के सलेमपुर तहसील अंतर्गत लार थाना क्षेत्र के बभनौली पाण्डेय गांव में आकाशीय बिजली गिरने से 55 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब महिला गांव से बाहर बकरी चराने गई थी।
मृतक महिला की पहचान आशा देवी पत्नी राम आश्रय प्रसाद के रूप में हुई है। देर शाम अचानक तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई थी। इसी दौरान कड़कती बिजली आशा देवी पर गिरी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। आनन फानन में स्थानीय लोगों उसे लार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही लार पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए देवरिया भेज दिया है।
आपको बता दें कि मृतक आशा देवी के चार बेटे रंजन, रंजीत, राजीव, राकेश और तीन बेटियां ज्योति, पुष्पा, किरन हैं। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक लार राकेश सिंह ने बताया कि आकाशीय बिजली की चपेट में आने से महिला की मौत की सूचना मिली है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
