उद्यमिता से ही बनेगा खुशहाल और आत्मनिर्भर भारत : कश्मीरी लाल

उद्यमिता से ही बनेगा खुशहाल और आत्मनिर्भर भारत : कश्मीरी लाल

उद्यमिता से ही बनेगा खुशहाल और आत्मनिर्भर भारत : कश्मीरी लाल

सुल्तानपुर। भारत को आर्थिक रूप से मजबूत, खुशहाल और आत्मनिर्भर बनाने के लिए युवाओं को नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार सृजित करने वाला उद्यमी बनना होगा। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ ही उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। यह बात स्वदेशी जागरण मंच के अखिल भारतीय संगठक कश्मीरी लाल जी ने राणा प्रताप स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित उद्यमिता प्रोत्साहन सम्मेलन में कही।

स्वावलंबी भारत अभियान के अंतर्गत आयोजित सम्मेलन में कश्मीरी लाल जी ने कहा कि खेती-किसानी, स्थानीय संसाधनों और विभिन्न प्रकार के कौशल को उद्यमिता से जोड़कर बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा किए जा सकते हैं। उन्होंने युवाओं को सफल भारतीय उद्यमियों के उदाहरणों से प्रेरणा लेने तथा सीमित संसाधनों में भी संकल्प और परिश्रम के साथ अपना व्यवसाय शुरू करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भारत का भविष्य उद्यमिता में है और युवाओं की ऊर्जा को रोजगार सृजन की दिशा में लगाने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम में काशी प्रांत के प्रांत संयोजक डॉ. अखिलेश त्रिपाठी ने कहा कि स्वदेशी भारत की आत्मा है। भारत की जीवनशैली और आवश्यकताओं के अनुरूप अर्थव्यवस्था को मजबूत करना ही स्वदेशी की मूल भावना है। उन्होंने युवाओं में कौशल विकास, स्टार्टअप, स्वरोजगार और जैविक उद्यमिता को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

सम्मेलन के संचालन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी धर्मेंद्र द्विवेदी ने संभाली। उनके सधे हुए प्रभावी और ऊर्जावान संचालन ने पूरे कार्यक्रम को व्यवस्थित स्वरूप देने के साथ ही अतिथियों के संदेश को सहज ढंग से उपस्थित लोगों तक पहुंचाया। कार्यक्रम के विभिन्न चरणों को जोड़ते हुए उन्होंने सम्मेलन को जीवंत बनाए रखा। उनके संचालन की विशेष रूप से सराहना की गई।

कार्यक्रम के प्रारंभ में भारत माता एवं स्वदेशी जागरण मंच के संस्थापक श्रद्धेय दत्तोपंत ठेंगड़ी जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दिनेश प्रताप त्रिपाठी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। अतिथियों का माल्यार्पण, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत किया गया।

सम्मेलन में उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों, विभिन्न आनुषंगिक संगठनों के पदाधिकारियों तथा छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। उद्यमिता और रोजगार सृजन की दिशा में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं विभिन्न सरकारी विभागों के प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान भारत माता की जय और जय स्वदेशी के नारों से महाविद्यालय परिसर गूंज उठा। एनसीसी कैडेटों की सहभागिता ने कार्यक्रम में विशेष उत्साह का संचार किया। कार्यक्रम की प्रस्तावना स्वदेशी जागरण मंच की विभाग सह महिला प्रमुख सर्वेशा साई राज ने रखी। उन्होंने युवाओं तक सरकारी योजनाओं, आधुनिक तकनीक, ड्रोन, नवाचार और उद्यमिता के अवसर पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने स्थानीय स्तर पर उद्यमिता के माध्यम से रोजगार सृजन के उदाहरण भी प्रस्तुत किए।

सम्मेलन का उद्देश्य युवाओं को उद्यमिता के लिए प्रेरित करना, स्थानीय संसाधनों एवं कौशल को रोजगार से जोड़ना तथा स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में समाज की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।