लखनऊ सड़क हादसे में सोनाड़ी इंटर कॉलेज के युवा प्रबंधक गौरव सिंह का निधन,

लखनऊ सड़क हादसे में सोनाड़ी इंटर कॉलेज के युवा प्रबंधक गौरव सिंह का निधन,

लखनऊ/देवरिया। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में देवरिया जिले के भलुअनी क्षेत्र स्थित सोनाड़ी इंटर कॉलेज के युवा प्रबंधक गौरव कुमार सिंह (30 वर्ष) का असामयिक निधन हो गया। स्कूटी से जाते समय एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से यह दुर्घटना हुई, जिसमें उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस खबर के सामने आते ही देवरिया के शिक्षा जगत और स्थानीय क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त हो गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, सोनाड़ी गांव के मूल निवासी गौरव सिंह वर्तमान में लखनऊ में रह रहे थे। सोमवार को वे स्कूटी से किसी कार्यवश बाहर निकले थे, तभी रास्ते में एक बेकाबू ट्रक ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गौरव सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्कूटी पर सवार उनके एक अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल साथी को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।

युवा प्रबंधक गौरव सिंह अपने पीछे पत्नी और एक मासूम बच्ची को छोड़ गए हैं। मात्र 30 वर्ष की अल्पायु में उनके इस तरह अचानक चले जाने से पूरे गांव और विद्यालय परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।गौरव सिंह के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए सोनाड़ी इंटर कॉलेज प्रबंध समिति के पदाधिकारियों, शिक्षकों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। विद्यालय प्रशासन ने इसे शिक्षा जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है और शोक संतप्त परिवार को यह असह्य दुख सहन करने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की है।