डिप्टी सीएम के हेलिकॉप्टर में भर गया धुआं करनी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग
डिप्टी सीएम के हेलिकॉप्टर में भर गया धुआं करनी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग
लखनऊ। सूबे की राजधानी लखनऊ में उस समय हड़कंप मच गया जब उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम डिप्टी सीएम केशव मौर्य के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी आने के बाद पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए हेलीकॉप्टर को अमौसी स्थित चौधरी चरण सिंह अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर सुरक्षित उतार दिया। मिली जानकारी के अनुसार, डिप्टी सीएम केशव मौर्य शनिवार की सुबह लखनऊ से कौशांबी जा रहे थे। उन्होंने लखनऊ के ला मार्टिनियर कॉलेज के ग्राउंड से हेलीकॉप्टर से उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ देर बाद हेलीकॉप्टर करीब 50 किलोमीटर दूर बछरावां इलाके तक पहुंच गया था और लगभग 2000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। इसी दौरान हेलीकॉप्टर का डिस्प्ले अचानक बंद हो गया, जिससे पायलट को तकनीकी खराबी का अंदेशा हुआ।
स्थिति को भांपते हुए पायलट ने तुरंत लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया और अमौसी एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। अनुमति मिलते ही हेलीकॉप्टर को वापस एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया। इसी बीच हेलीकॉप्टर से धुआं निकलने लगा और कुछ ही देर में केबिन में धुआं भर गया।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम के बीच हेलीकॉप्टर को अमौसी एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। लैंडिंग के तुरंत बाद सुरक्षा और तकनीकी टीमों ने हेलीकॉप्टर को घेर लिया और डिप्टी सीएम को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बताया जा रहा है कि वह दूसरे हेलीकॉप्टर से कौशांबी जाएंगे, जहां वह सरस महोत्सव कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। बताया गया कि जिस हेलीकॉप्टर से केशव मौर्य यात्रा कर रहे थे वह उत्तर प्रदेश सरकार का है, जिसकी जिम्मेदारी राज्य के नागरिक उड्डयन विभाग के पास है।
