देवरिया में चलती ट्रेन से 32.58 लीटर लावारिस अंग्रेजी शराब बरामद

देवरिया में चलती ट्रेन से 32.58 लीटर लावारिस अंग्रेजी शराब बरामद

चलती ट्रेन से 32.58 लीटर लावारिस अंग्रेजी शराब बरामद, कीमत 30,700 रुपये

देवरिया। रेलवे में अवैध शराब की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपराध आसूचना शाखा (अआशा) फील्ड/मुख्यालय गोरखपुर एवं अआशा भटनी की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए चलती ट्रेन से लावारिस अंग्रेजी शराब बरामद की। बरामद शराब की कुल मात्रा 32.58 लीटर तथा अनुमानित कीमत 30,700 रुपये आंकी गई है। जब्त शराब को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट भटनी को सौंप दिया गया है।संयुक्त अभियान के दौरान अआशा फील्ड/मुख्यालय गोरखपुर के उपनिरीक्षक अबु फरहान गफ्फार तथा अआशा भटनी के उपनिरीक्षक चंद्रसेन सिंह एवं सहायक उपनिरीक्षक अवनीश राय ट्रेन संख्या 11123 में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान भटनी और भाटपाररानी रेलवे स्टेशनों के बीच चल रही ट्रेन के एस-2 कोच के शौचालय गैलरी में तीन बैग लावारिस अवस्था में पड़े मिले।

संदेह होने पर जब बैगों की तलाशी ली गई तो उनमें 96 पेट बोतल स्नोस्की वोडका व्हिस्की (प्रत्येक 180 मिलीलीटर), 47 पेट बोतल माउंटेन ओक व्हिस्की (प्रत्येक 180 मिलीलीटर) तथा 38 टेट्रा पैक ऑफिसर्स चॉइस व्हिस्की (प्रत्येक 180 मिलीलीटर) बरामद हुए। बरामद शराब की कुल मात्रा 32.58 लीटर और अनुमानित कीमत 30,700 रुपये बताई गई है।

संयुक्त टीम ने सुबह करीब 5:40 बजे नियमानुसार पूरी शराब को जब्त कर रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट भटनी को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए सुपुर्द कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि यह पता लगाया जा रहा है कि शराब किसकी है और उसे किस उद्देश्य से ट्रेन में लावारिस छोड़ दिया गया था। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर अवैध शराब की तस्करी तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष निगरानी अभियान लगातार चलाया जा रहा है। संदिग्ध व्यक्तियों और लावारिस सामान की नियमित जांच की जा रही है, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।