सड़क हादसे में एक युवक की मौत
देवरिया। जनपद के कसया मार्ग पर सोनहुला रामनगर के नवका टोला के पास बुधवार को सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जहां सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए अग्रिम कार्रवाई में जुट गई।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मिली जानकारी के अनुसार जनपद के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के मदरापाली खास गांव निवासी चंद्रपाल (28) पुत्र सोलेहाल पाल किसी काम से बाइक से कसया जा रहे थे।
अभी वह थाना क्षेत्र के सोनहुला रामनगर के नवका टोला के समीप पहुंचे थे कि किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास के लोगों ने उनको इलाज के लिए तरकुलवा सीएचसी पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान चंद्रपाल की मौत हो गई। थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
