सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के डीएम ने दिए निर्देश
सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के डीएम ने दिए निर्देश
देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सड़क सुरक्षा गतिविधियों एवं सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा गतिविधियों के आंकड़ों की नियमित निगरानी तथा जनपद की सीमा अंतर्गत मार्गवार सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने दुर्घटनाओं के कारणों की पहचान एवं अध्ययन कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। दुर्घटना संभावित स्थानों को चिन्हित कर वहां सड़क सुरक्षा संबंधी संकेतक, रोड मार्किंग, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित किए जाएं।
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग एवं एआरटीओ को निर्देशित किया कि जिन विकास खंडों में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या अधिक है, वहां विशेष सड़क सुरक्षा अभियान चलाकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाए। विद्यालयों में भी सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
उन्होंने राजमार्गों पर NHAI एवं पुलिस की नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही राजमार्ग एवं मुख्य मार्गों पर सड़क सुरक्षा संबंधी संकेतकों की स्थिति की समीक्षा कर आवश्यकतानुसार नए संकेतक लगाए जाने तथा रोड सेफ्टी पॉलिसी का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने स्कूल वाहनों में सड़क सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस, लोक निर्माण विभाग, परिवहन, स्वास्थ्य एवं अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने तथा दुर्घटना की स्थिति में त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए 108 एंबुलेंस सेवा को सक्रिय रखने को कहा।
उन्होंने आमजन से अपील की कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
