पीएचसी भलुअनी से स्टेबलाइजर चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

पीएचसी भलुअनी से स्टेबलाइजर चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

देवरिया। जनपद के पुलिस टीम ने भलुअनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लगे आरओ प्लांट से स्टेबलाइजर चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सफेद रंग का स्टेबलाइजर भी बरामद कर लिया है, जिसकी पहचान वादी मुकदमा द्वारा कर ली गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह के निर्देशन व क्षेत्राधिकारी बरहज रंजना सचान के पर्यवेक्षण में थाना भलुअनी पुलिस टीम लगातार चोरों की तलाश में जुटी हुई थी।

मुखबिर की सूचना पर धनौती मोड़ से दबोचे गए आरोपी बीती 1 नवंबर की रात पीएचसी भलुअनी से आरओ प्लांट का स्टेबलाइजर चोरी होने के संबंध में थाने में केस दर्ज किया गया था। घटना के बाद से ही थानाध्यक्ष भलुअनी के नेतृत्व में पुलिस टीम माल की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही थी।

इसी बीच पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी के मुकदमे से संबंधित दो अभियुक्त चोरी का स्टेबलाइजर बेचने की फिराक में धनौती मोड़ के पास खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों अभियुक्तों को रंगे हाथ धर दबोचा।

पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों की पहचान राजा उर्फ अभिषेक गोड़ (उम्र 21 वर्ष) पुत्र योगेश गोड़ और राजन बासफोर (उम्र 21 वर्ष) पुत्र श्रीकिशन बासफोर के रूप में हुई है। ये दोनों आरोपी भलुअनी थाना क्षेत्र के शिवधरिया गांव के निवासी हैं। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है। चोरों को सलाखों के पीछे पहुंचाने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक (उ0नि0) राघवेन्द्र सिंह, कांस्टेबल अरविन्द यादव, कांस्टेबल विनोद यादव, कांस्टेबल शशिकान्त यादव और कांस्टेबल रामकृष्ण यादव शामिल रहे।