बनकट बहादुरपुर में विकास का नया सवेरा, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने दी आंगनबाड़ी केंद्र और खेल मैदान समेत कई सौगात
देवरिया। उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने रविवार को रामपुर कारखाना विकास खंड के ग्राम पंचायत बनकट बहादुरपुर में विकास कार्यों की झड़ी लगा दी। 'चौमुखी विकास' के संकल्प के साथ आयोजित एक भव्य उद्घाटन समारोह में उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र, मिनी क्रिकेट स्टेडियम और शुद्ध पेयजल के लिए आरओ (RO) प्लांट का लोकार्पण किया। इस मौके पर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शासन में 'सबका साथ-सबका विकास' केवल नारा नहीं बल्कि धरातल पर दिखने वाली हकीकत है। उन्होंने कहा, "आज प्रदेश में किसी भी योजना का लाभ जाति या धर्म देखकर नहीं, बल्कि पात्रता देखकर दिया जा रहा है। वह समय बीत गया जब किसानों को खाद और बीज के लिए चौराहों पर लाठियां खानी पड़ती थीं और लंबी लाइनों में लगना पड़ता था।"
पुल निर्माण के मुद्दे पर ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए मंत्री ने कहा कि विकास की राह में किसी भी विभाग (नहर विभाग) की बाधा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित के कार्यों में तेजी लाई जाए।
उन्होंने कहा कि गांव की युवा खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए पिच और मैदान तैयार। हो गया है। अब बनकट बहादुरपुर के हर ग्रामीण को घर के पास स्वच्छ और शीतल पेयजल उपलब्ध हो गया है।
इसके साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से बच्चों के स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा के लिए समर्पित भवन तैयार हो गया है। जहां गांव में आरसीसी सड़क निर्माण गांव की गलियों को कीचड़ और जलभराव से मुक्ति दिलाते हुए आवागमन सुगम बनाया गया है। इस मौके पर कृषि मंत्री ने क्षेत्र के असहाय और जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए। उन्होंने बुजुर्गों का हाल-चाल जाना और सरकार की लोक-कल्याणकारी योजनाओं के बारे में संवाद किया।
ग्राम प्रधान मनोहर यादव ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि उनका एकमात्र लक्ष्य बनकट बहादुरपुर को जिले का आदर्श गांव बनाना है। उन्होंने कहा, "आरो प्लांट और खेल मैदान जैसी सुविधाएं शहरों तक सीमित थीं, लेकिन आज हमारे गांव की जनता को ये सुविधाएं मिल रही हैं। हम भविष्य में भी हर पात्र व्यक्ति को सरकारी लाभ दिलाने के लिए संकल्पित हैं।"
इस अवसर पर प्रमुख रूप से कार्यक्रम में संजीत यादव, रणजीत यादव, सुनील कुमार, भोरिक यादव, भृगुराशन यादव, मोती चंद यादव, दयानंद सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति और ग्रामीण जन उपस्थित रहे।
