नॉनवेज खाने वालों के लिए बुरी खबर, वाराणसी नगर निगम क्षेत्र में बन्द रहेगी मीट-मछ्ली की दुकान
वाराणसी । जनपद के नगर निगम ने आगामी नवरात्रि के पूरे नव दिनों तक नगर सीमा में मीट, मछली और मुर्गे की बिक्री पर रोक लगाने का फैसला किया है। बता दें कि निगम की कार्यकारिणी बैठक में यह निर्णय लिया गया वही इस आदेश का उल्लंघन करने वालों पर एफ आई आर दर्ज करवाते हुए सख्त कार्रवाई भी की जाएगी।
बता दें कि वाराणसी को धर्म और आध्यात्म की नगरी कहा जाता है। यहां लंबे समय से मीट-मछली की दुकानों पर रोक लगाने की मांग चल रही थी। अब नवरात्रि के पावन अवसर पर नगर निगम ने यह मांग स्वीकार कर ली है और पूरी नवरात्रि के नौ दिन तक के लिए यह रोक प्रभावी कर दी गई है।
नगर निगम के नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने बताया कि वाराणसी नगर निगम सीमा के अंदर आने वाली सभी मीट, मछली और मुर्गे की दुकानों को पूरी नवरात्रि तक बंद रखना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि सचल दस्ते तैनात किए जाएंगे, लगातार चेकिंग होगी और किसी ने आदेश तोड़ा तो FIR दर्ज कराया जाएगा। नगर निगम पहले भी विश्वनाथ मंदिर से 2 किमी के दायरे में मीट की दुकानों पर प्रतिबंध लगा चुका है। महाकुंभ के दौरान भी 26 दुकानों पर कार्रवाई हुई थी। इस बार नगर निगम ने स्पष्ट कर दिया है कि नवरात्रि में प्रतिबंध का उल्लंघन बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मीट-मछली खाने वालों के लिए यह खबर अच्छी नहीं है, क्योंकि उन्हें पूरे नवरात्रि के दौरान वाराणसी नगर निगम क्षेत्र में कहीं भी यह सामान नहीं मिलेगा। प्रशासन ने दुकानदारों को भी सख्त हिदायत दी है कि वे 9 दिनों तक अपनी दुकानें बंद रखें।
