गौवंश संरक्षण पर सख्त प्रशासन: 25 मुकदमों में 31 वाहन और 2 मकान जब्त, 2.33 करोड़ की संपत्ति पर कार्रवाई
गोरखपुर। जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राज करन नैयर के निर्देश पर जनपद में गौवंश संरक्षण एवं अवैध गोवध के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। इस अभियान के तहत जनपद के सभी थानों द्वारा गोवध और पशु क्रूरता अधिनियम के अंतर्गत दर्ज कुल 25 मुकदमों में 31 वाहन और 2 मकान जब्त किए गए। जब्त की गई संपत्तियों की अनुमानित कीमत लगभग 2 करोड़ 33 लाख रुपये आंकी गई है।
प्रशासन ने बताया कि गौवंश से संबंधित अवैध गतिविधियों में संलिप्त अपराधियों पर न केवल मुकदमे दर्ज किए गए, बल्कि उनकी संपत्तियों पर भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस दिशा में गुंडा और गैंगस्टर एक्ट का प्रयोग करते हुए कई आरोपियों की संपत्तियों के जब्तीकरण की प्रक्रिया पूर्ण की गई है।
पुलिस और प्रशासन की इस संयुक्त कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया है कि गौवंश से जुड़े अपराधों पर किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि यह कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी और ऐसे आपराधिक तत्वों की संपत्ति को कानून के दायरे में लाया जाएगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने भी बताया कि इस अभियान से गौकशी से जुड़े नेटवर्क को तोड़ने में मदद मिलेगी और इसे लेकर आगे और सख्त कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने जनता से भी अपील की कि गौवंश से संबंधित किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।
यह कार्रवाई प्रदेश सरकार की गौवंश सुरक्षा और संवर्धन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है और इसका उद्देश्य समाज में कानून-व्यवस्था तथा धार्मिक भावनाओं का संरक्षण करना है।
