बाइक ओवरटेक विवाद में जानलेवा हमला, 3 आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
देवरिया। जनपद के सलेमपुर तहसील अंतर्गत लार थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हत्या के प्रयास के मामले में शामिल तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार (दाव/गड़ासी) भी बरामद कर लिया है।
आपको बता दें कि घटना बीते बुधवार, 20 मई की है जहां चुरिया गांव के रहने वाले जयेन्द्र सिंह और गिरीश नारायण सिंह बाइक से मेहरौना बाजार सब्जी खरीदने जा रहे थे। रास्ते में मोटरसाइकिल ओवरटेक करने को लेकर कुछ युवकों से उनका विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि विपक्षी युवकों ने जान से मारने की नीयत से धारदार हथियार से उन पर जानलेवा हमला कर दिया और मारपीट की। पीड़ित की तहरीर पर लार थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी सलेमपुर मनोज कुमार के पर्यवेक्षण में लार थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर लार मठ के पास एक बंद पड़े खंडहर मकान से घेराबंदी कर तीनों नामजद आरोपियों को दबोच लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी अब्दुल समीर के पास से घटना में प्रयुक्त गड़ासी (दाव) बरामद कर ली है। पुलिस ने पहले से दर्ज बीएनएस की धाराओं के साथ अब इस मामले में आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी कर दी है। सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल नागेंद्र भारद्वाज, कांस्टेबल मिठाई लाल और कांस्टेबल प्रकाश पति गौतम शामिल रहे।
