पीयूष शुक्ला का बीएआरसी में वैज्ञानिक पद पर चयन

पीयूष शुक्ला का बीएआरसी में वैज्ञानिक पद पर चयन

देवरिया। जनपद के भागलपुर ब्लाक के ग्राम तेलिया शुक्ल निवासी पीयूष शुक्ला ने महज 22 वर्ष की उम्र में देश के सर्वोच्च अनुसंधान संस्थानों में से एक भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (BARC) में वैज्ञानिक 'ग्रेड-A' पद पर चयनित होकर पूरे जनपद का नाम रोशन किया है। पीयूष ने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विषय में देशभर से चयनित 40 श्रेष्ठ विद्यार्थियों में स्थान पाया है, जो न केवल एक व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि पूरे देवरिया जिले के लिए गौरव का विषय है।

उनकी इस सफलता के पीछे उनके मजबूत पारिवारिक मूल्यों और सतत मेहनत का योगदान है। पीयूष के दादा रविन्द्र शुक्ला, जो विद्युत विभाग में सहायक अभियंता पद से सेवानिवृत्त हैं, उनके आदर्श रहे हैं। उनके पिता एच.एस. शुक्ला भारतीय रेलवे में वरिष्ठ मंडल लेखा परीक्षा अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं, वहीं चाचा कृष्ण मुरारी शुक्ला विद्युत विभाग में SDO हैं। इस उपलब्धि से पूरे परिवार और गांव में हर्ष और उत्सव का माहौल है। पीयूष ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पूरे परिवार को देते हुए कहा कि उनके माता-पिता, मौसी वरुणी शुक्ला और मामा अनंत कुमार दीक्षित हमेशा उनके पीछे एक मजबूत दीवार की तरह खड़े रहे।

उन्होंने विशेष रूप से अपने बड़े भाई कुशाग्र शुक्ला, बहनों अदिति शुक्ला और सौम्या तिवारी का धन्यवाद किया, जिन्होंने उनकी पढ़ाई और दिनचर्या को सुचारू बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई। देवरिया जिले की यह युवा प्रतिभा, आने वाले समय में देश के वैज्ञानिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।