जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने दुर्गा पूजा पंडालों एवं यातायात व्यवस्था का किया निरीक्षण
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने दुर्गा पूजा पंडालों एवं यातायात व्यवस्था का किया निरीक्षण
अयोध्या। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने दुर्गा पूजा एवं दशहरे के दृष्टिगत शहर के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता एवं श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर एवं नगर आयुक्त श्री जयेंद्र कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
दुर्गा पूजा पंडालों में अग्निशमन विभाग द्वारा भी आग से बचाव एवं सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। जिलाधिकारी ने त्योहारों के दौरान सतर्कता बनाए रखने तथा सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने शहर की यातायात व्यवस्था का भी अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि दुर्गा पूजा एवं दशहरे के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए यातायात प्रबंधन प्रभावी ढंग से किया जाए, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, आवश्यकतानुसार यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने तथा जनसुरक्षा के लिए सभी जरूरी प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
