सरकारी योजनाओं का लाभ वितरण, जिलाधिकारी ने चौपाल में समस्याओं का मौके पर किया समाधान
सरकारी योजनाओं का लाभ वितरण, जिलाधिकारी ने चौपाल में समस्याओं का मौके पर किया समाधान
देवरिया। विकास खंड पथरदेवा के ग्राम पंचायत मलघोट विरैचा में आयोजित “ग्राम चौपाल (गाँव की समस्या, गाँव में समाधान)” कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल ने जनसमस्याओं को सुनते हुए उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता, उप जिलाधिकारी सदर सीमा पांडेय, जिला विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
चौपाल में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ प्रदान करते हुए स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। जिलाधिकारी ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को जनहित में कार्यों को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान गोदभराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम भी जिलाधिकारी द्वारा संपन्न कराया गया। साथ ही राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया।
इस अवसर पर स्कूली बच्चों द्वारा सरस्वती वंदना, स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित जनसमुदाय एवं अधिकारियों ने सराहा।
जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित चौपाल कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान अब मौके पर ही सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि “गाँव की समस्या, गाँव में समाधान” के संकल्प के साथ विकास कार्यों को नई गति मिल रही है। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे और विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त कर संतोष व्यक्त किया।
