कुम्हारों को मुफ्त मिलेगा विद्युत चाक मशीन, 27 मई तक करें आवेदन 

कुम्हारों को मुफ्त मिलेगा विद्युत चाक मशीन, 27 मई तक करें आवेदन 

कुम्हारों को मुफ्त मिलेगा विद्युत चाक मशीन, 27 मई तक करें आवेदन 

देवरिया।जिला ग्रामोद्योग अधिकारी वीरेन्द्र प्रसाद ने बताया कि उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड की समन्वित विकास कार्यक्रम योजना के तहत मिट्टी के बर्तन, खिलौने एवं मूर्तियां बनाकर जीविकोपार्जन करने वाले कुम्हारों और पारंपरिक कारीगरों को निःशुल्क विद्युत चालित चाक मशीन उपलब्ध कराई जाएगी।

        उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद को 45 विद्युत चालित चाक मशीनों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इस योजना के लिए लाभार्थी की आयु 18 से 55 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा प्रत्येक परिवार से केवल एक व्यक्ति ही आवेदन कर सकता है। जिन परिवारों को पूर्व में किसी सरकारी योजना के तहत चाक का लाभ मिल चुका है, वे इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे।

         इसके अतिरिक्त जनपद को 2 पगमिल मशीनों का भी लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इसके लिए वही अभ्यर्थी पात्र होंगे, जो वित्तीय वर्ष 2019-20 से 2025-26 के बीच मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना के अंतर्गत वित्तपोषित हो चुके हैं।

जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने बताया कि दोनों योजनाओं में आवेदन की प्रक्रिया ऑनलाइन है। इच्छुक अभ्यर्थी विभाग की वेबसाइट upmatikalaboard.in पर आवेदन कर सकते हैं। विस्तृत जानकारी के लिए जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, जिला पंचायत भवन (प्रथम तल), देवरिया से संपर्क किया जा सकता है।

        उन्होंने बताया कि आवेदन की अंतिम तिथि 27 मई 2026 निर्धारित है। आवेदन के साथ अभ्यर्थियों को फोटो, आधार कार्ड, राशन कार्ड, शैक्षिक योग्यता प्रमाण पत्र, ग्राम प्रधान द्वारा जारी निवास प्रमाण पत्र तथा जाति प्रमाण पत्र की प्रति संलग्न करना अनिवार्य होगा।