विश्व माहवारी दिवस पर कोरौता में किशोरियों ने निकाली जागरूकता रैली
यूनिटी फाउंडेशन के बैनर तले हुई बैठक, सीएचओ ने दी स्वच्छता व पोषण की जानकारी
वाराणसी । प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र कोरौता बाजार में बुधवार को 28 मई विश्व माहवारी दिवस के अवसर पर यूनिटी फाउंडेशन ऊंचगांव के तत्वावधान में जागरूकता बैठक एवं रैली का आयोजन किया गया। सैकड़ों किशोरियों व महिलाओं ने रैली में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ फाउंडेशन के डायरेक्टर कन्हैया लाल ने विषय प्रवेश के साथ किया। उन्होंने कहा कि मानव जीवन के जन्म में महिलाओं के माहवारी चक्र का महत्वपूर्ण योगदान है, इसलिए प्रत्येक वर्ष 28 मई को विश्व माहवारी दिवस के रूप में मनाया जाता है।कोरौता जन आरोग्य मंदिर की सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी प्रिया मल्ल ने किशोरियों व महिलाओं को मासिक धर्म चक्र, उससे जुड़ी समस्याओं, स्वच्छता तथा पोषण के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने माहवारी के दौरान साफ-सफाई, संतुलित आहार और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में शामिल महिलाओं व किशोरियों ने कार्यालय परिसर से सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा तक जागरूकता रैली निकाली और लोगों को माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन उर्मिला ने किया और धन्यवाद ज्ञापन निर्मला ने दिया।
