रेलवे लाइन किनारे मिला 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव

रेलवे लाइन किनारे मिला 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव

रेलवे लाइन किनारे मिला 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव

देवरिया। जनपद के सलेमपुर-पिकोल अपलाइन पर आरडी इंटरनेशनल स्कूल के पीछे शनिवार तड़के रेलवे लाइन किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुबह रेलवे लाइन के किनारे शव पड़ा देख लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में ले लिया।

पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष है। मृतक ने हल्की लाल रंग की धारीदार शर्ट और काली पैंट पहन रखी थी। उसके पास से ऐसी कोई वस्तु नहीं मिली, जिससे तत्काल उसकी पहचान हो सके।

शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने लोगों से मृतक की पहचान कराने में सहयोग की अपील की है। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस मामले की जांच करने के साथ ही शव की शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।