देवरिया में फल विक्रेता से मारपीट का आरोप, तीन दिन से लगा रहा कोतवाली का चक्कर 

देवरिया में फल विक्रेता से मारपीट का आरोप, तीन दिन से लगा रहा कोतवाली का चक्कर 

देवरिया में फल विक्रेता से मारपीट का आरोप, तीन दिन से लगा रहा कोतवाली का चक्कर 

 देवरिया। जनपद के सदर कोतवाली अंतर्गत कचहरी चौराहे पर फल की दुकान लगाने वाले एक दुकानदार ने कुछ लोगों पर मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित राकेश सोनकर का कहना है कि मारपीट में उनके हाथ में फ्रैक्चर हुआ है और सिर, सीने व हाथ में चोटें आई हैं। पीड़ित का आरोप है कि शिकायत के बाद भी पिछले तीन दिनों से थाने के चक्कर लगाने के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।

कचहरी चौराहा स्थित शिव मंदिर के सामने फल की दुकान लगाने वाले राकेश सोनकर ने कुछ ठेले वालों पर विवाद और मारपीट का आरोप लगाया है। राकेश के मुताबिक, दोपहर में गुलारे जायसवाल ने उनके भतीजे के साथ गाली-गलौज की थी। शाम को जब राकेश इस मामले में पूछताछ करने पहुंचे तो उनके साथ भी कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट की गई।

पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद प्रदीप जायसवाल, संदीप जायसवाल, बड़कू और नीरज सोनकर समेत करीब 8 से 10 लोग मौके पर पहुंच गए और उनके साथ मारपीट की। राकेश का आरोप है कि नीरज सोनकर उन्हें यहां दुकान नहीं लगाने देने और मारकर भगाने की बात कहता रहा।

मारपीट में हाथ टूटने का दावा करते हुए राकेश ने बताया कि उनके सिर, सीने और हाथ में भी चोटें आई हैं। उनका कहना है कि वह पिछले तीन दिनों से पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगा रहे हैं।राकेश के मुताबिक, उन्हें मेडिकल के लिए भेजा गया था और मेडिकल के बाद एक्स-रे कराने की बात कही गई, लेकिन अभी तक एक्स-रे नहीं हो सका है। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि उसे लगातार धमकियां दी जा रही हैं।

फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है। मेडिकल और एक्स-रे रिपोर्ट के साथ पुलिस जांच के बाद ही मारपीट की घटना और लगाए गए आरोपों की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।