देवरिया में अंतराज्यीय शराब तस्कर गिरफ्तार, भारी मात्रा में पकड़ी गई शराब 

देवरिया में अंतराज्यीय शराब तस्कर गिरफ्तार, भारी मात्रा में पकड़ी गई शराब 

देवरिया। जिले की सलेमपुर थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय शराब तस्करों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक लग्जरी कार से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब के साथ हरियाणा के एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्कर के पास से शराब बिक्री के हजारों रुपये नगद और एक फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की है। बरामद शराब और कार की कुल कीमत करीब 5 लाख रुपये आंकी गई है।

आपको बता दें कि पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर द्वारा जिले में अपराध, अपराधियों और अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। एएसपी (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी सलेमपुर मनोज कुमार के निर्देश पर सलेमपुर पुलिस नदावर पुल के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी करके एक संदिग्ध कार को रोका।

कार की तलाशी लेने पर पुलिस हैरान रह गई। कार के अंदर से कुल 7 पेटी (61 लीटर) अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसमें 5 पेटी इम्पीरियल ब्लू और 2 पेटी रॉयल स्टैग ब्रांड की शराब शामिल थी। पुलिस से बचने के लिए तस्कर ने कार पर बिहार राज्य की एक फर्जी नंबर प्लेट (BR 01HA 9875) लगा रखी थी।पुलिस ने मौके से हरियाणा के सोनीपत जिले (थाना खरखौदा, ग्राम पिपली) के रहने वाले 28 वर्षीय प्रमोद कुमार पुत्र महेन्द्र को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के कब्जे से शराब बिक्री के ₹23,050 नगद भी बरामद हुए हैं।

 मनोज कुमार सीओ सलेमपुर ने बताया कि थाना सलेमपुर पुलिस द्वारा रात्रि में जनपद देवरिया में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के क्रम में एक फर्जी नंबर प्लेट लगी रेनाल्ट काइगर कार को सलेमपुर थाने के नदावर पुल के पास रोका गया जिसमें तलाशी के दौरान 05 पेटी इम्पीरियर ब्लू व 02 पेटी रॉयल स्टैग जो हरियाणा की अवैध शराब है जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 56,000/- रू0 है, के साथ एक अभियुक्त प्रमोद कुमार पुत्र महेन्द्र निवासी पिपली थाना खरखौदा जनपद सोनीपत, हरियाणा को गिरफ्तार कर नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।