देवरिया जनपद स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह में मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित
देवरिया। माध्यमिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में सोमवार को विकास भवन स्थित गांधी सभागार में जनपद स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष गिरीश चंद्र तिवारी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में भाटपाररानी विधायक सभा कुंवर कुशवाहा, रुद्रपुर विधायक जयप्रकाश निषाद, मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह तथा जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. स्कंद शुक्ल मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान हाईस्कूल के 7 तथा इंटरमीडिएट के 10 मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, मेडल एवं 21-21 हजार रुपये की प्रोत्साहन धनराशि प्रदान किए जाने हेतु डेमो चेक देकर सम्मानित किया गया। धनराशि सीधे उनके बैंक खातों में प्रेषित की गई।
अतिथियों ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए निरंतर परिश्रम, अनुशासन एवं लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे जनपद के लिए गौरव का विषय है।
कार्यक्रम का संचालन जिला समन्वयक सुदीप पांडेय ने किया। समारोह में शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
