छात्रवृत्ति प्रोफाइल लॉक में लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई -- डीएम ने दी मान्यता निरस्तीकरण तक की चेतावनी
छात्रवृत्ति प्रोफाइल लॉक में लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई, डीएम ने दी मान्यता निरस्तीकरण तक की चेतावनी
देवरिया । जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने अपने कार्यालय कक्ष में सोशल सेक्टर से जुड़े विभागों की छात्रवृत्ति प्रोफाइल लॉक की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं की छात्रवृत्ति से संबंधित प्रोफाइल लॉक का कार्य प्राथमिकता के आधार पर विद्यालयों द्वारा सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा संबंधित विद्यालयों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि यदि प्रोफाइल लॉक न किए जाने के कारण कोई छात्र-छात्रा छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने से वंचित रह जाता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विद्यालय की होगी। ऐसे विद्यालयों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए आवश्यकता पड़ने पर उनकी मान्यता निरस्त करने की कार्यवाही भी की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि समीक्षा में पाया गया कि अब तक मात्र 20 प्रतिशत विद्यालयों ने ही छात्रवृत्ति की प्रोफाइल लॉक की है, जबकि इसकी अंतिम तिथि 5 अगस्त निर्धारित है। उन्होंने निर्देश दिया कि निर्धारित तिथि से पूर्व प्रत्येक दशा में सभी विद्यालय कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं की छात्रवृत्ति प्रोफाइल लॉक करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक एवं सोशल सेक्टर से जुड़े सभी अधिकारियों को भी कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि वे प्रभावी अनुश्रवण सुनिश्चित करें तथा विद्यालयों द्वारा प्रोफाइल लॉक कराने की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराएं। साथ ही जो विद्यालय प्रोफाइल लॉक करने में हीलाहवाली करें, उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई प्रस्तावित की जाए।
बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर पांडेय, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी सहित सोशल सेक्टर से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
