देवरिया के लाल शुभम को SSC JE-2025 में मिली ऑल इंडिया 10 वी रैंक, बने CPWD में जूनियर इंजीनियर
देवरिया। जनपद के राम गुलाम टोला, गोसाई मंदिर के निवासी शुभम सिन्हा ने कर्मचारी चयन आयोग (SSC) द्वारा आयोजित एसएससी जूनियर इंजीनियर (सिविल) परीक्षा-2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक (AIR) 10 प्राप्त की है। इस उत्कृष्ट सफलता के साथ उनका चयन केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (CPWD) में जूनियर इंजीनियर (सिविल) के पद पर हुआ है।
शुभम, अजय सिन्हा एवं रीता सिन्हा के पुत्र हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा एवं हाईस्कूल-इंटरमीडिएट की पढ़ाई प्रेस्टीज इंटरमीडिएट कॉलेज, देवरिया से पूरी की। इसके बाद वर्ष 2022 में गलगोटियास कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी से सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री प्राप्त की।
इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद शुभम ने पूरी लगन और अनुशासन के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की। वर्ष 2024 की GATE परीक्षा में उन्होंने ऑल इंडिया रैंक 1109 हासिल की। इसके बाद GATE-2026 में 57 अंक प्राप्त कर अपनी क्षमता का परिचय दिया। इसी दौरान उनका चयन दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) में ट्रेनी इंजीनियर के पद पर भी हुआ। नौकरी के साथ-साथ उन्होंने अपनी तैयारी जारी रखी और अंततः SSC JE-2025 में ऑल इंडिया रैंक 10 प्राप्त कर बड़ी सफलता हासिल की।
शुभम ने इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, गुरु जस्पाल सर, दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति के सहकर्मियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों, तथा अपने स्कूल और कॉलेज के मित्रों को दिया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और मार्गदर्शन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सफलता का मंत्र साझा करते हुए शुभम ने कहा, "सफलता के लिए निरंतरता और किस्मत, दोनों का साथ होना जरूरी है। यदि व्यक्ति ईमानदारी से लगातार प्रयास करता रहे, तो सफलता अवश्य मिलती है।"
शुभम सिन्हा की इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे देवरिया जिले का नाम रोशन किया है। क्षेत्र के लोगों, शिक्षकों, मित्रों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी सफलता प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।
