गौ रक्षा यात्रा में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का बड़ा बयान, 2027 चुनाव के लिए दिलाया 'गौ-संकल्प'

गौ रक्षा यात्रा में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का बड़ा बयान, 2027 चुनाव के लिए दिलाया 'गौ-संकल्प'

 गौ रक्षा यात्रा में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का बड़ा बयान, 2027 चुनाव के लिए दिलाया 'गौ-संकल्प'

देवरिया। गौ रक्षा के मुद्दे पर प्रदेशव्यापी जनजागरण अभियान चला रहे ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की यात्रा सोमवार को देवरिया जनपद पहुँची।शहर के विभिन्न चौराहों पर श्रद्धालुओं और गौ-समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान स्वामी जी ने सीधे तौर पर 2027 के विधानसभा चुनावों को गौ रक्षा के मुद्दे से जोड़ते हुए जनता को एक बड़ा संकल्प दिलाया।

 2027 चुनाव को लेकर बड़ी अपीलजनसभा और यात्रा के दौरान स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि अब समय आ गया है जब गौ माता की रक्षा को चुनावी मुद्दा बनाया जाए। उन्होंने संकल्प दिलाया कि वर्ष 2027 के चुनाव में जनता केवल उसी प्रत्याशी को अपना मत दे, जो गौ माता की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हो और इस संबंध में लिखित आश्वासन देने को तैयार हो।

पत्रकारों से वार्ता करते हुए स्वामी जी ने उत्तर प्रदेश सरकार की नीतियों पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गौ माता की समुचित सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गौ माता को 'राज्य माता' का दर्जा देने के लिए सरकार को पर्याप्त समय दिया गया था, लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। केवल घोषणाओं से गौ रक्षा संभव नहीं है; इसके लिए धरातल पर प्रभावी कार्य करने की आवश्यकता है।

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने स्पष्ट किया कि उनकी इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य गौ संरक्षण को एक जन आंदोलन का रूप देना है। उन्होंने कहा कि जब तक समाज जागरूक होकर गौ रक्षा के लिए खड़ा नहीं होगा, तब तक स्थितियां नहीं बदलेंगी।

शहर के राघव नगर समेत कई प्रमुख स्थानों पर फूल-मालाओं के साथ उनका स्वागत किया गया, जहाँ बड़ी संख्या में लोगों ने गौ रक्षा के समर्थन में अपनी सहभागिता दर्ज कराने का आश्वासन दिया।