हैदराबाद में आयोजित वरिष्ठ राष्ट्रीय तीरंदाजी चैंपियनशिप में देवरिया की भावना सिंह को मिला कांस्य पदक

हैदराबाद में आयोजित वरिष्ठ राष्ट्रीय तीरंदाजी चैंपियनशिप में देवरिया की भावना सिंह को मिला कांस्य पदक

देवरिया। हैदराबाद में 15 से 19 दिसंबर 2025 तक आयोजित वरिष्ठ राष्ट्रीय तीरंदाजी चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए एसबीआई एसीई तीरंदाजी अकादमी की तीरंदाज भावना सिंह ने टीम चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया। इस प्रतियोगिता में महाराष्ट्र ने स्वर्ण पदक जबकि झारखंड ने रजत पदक प्राप्त किया।

भावना सिंह, श्रीनेत गकोबल स्कूल, कन्हाउकी (देवरिया) स्थित संजीव सिंह तीरंदाजी संस्थान में प्रशिक्षण ले रही हैं। उनकी इस उपलब्धि पर संस्थान और जिले में खुशी का माहौल है।

ओलंपियन एवं अर्जुन और द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित संजीव सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अकादमी की स्थापना 1 अप्रैल 2025 को हुई थी और मात्र छह महीनों के भीतर ही तीरंदाजों ने राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना शुरू कर दिया है। यह संस्थान के लिए गर्व की बात है।

जिला तीरंदाजी संघ देवरिया के अध्यक्ष नीरज मणि त्रिपाठी और सचिव रूपक ने भावना सिंह को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि श्रीनेत गकोबल स्कूल में तीरंदाजी अकादमी की स्थापना के बाद देवरिया के तीरंदाज तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाएंगे।

भावना की इस सफलता से क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों में उत्साह बढ़ा है और तीरंदाजी के प्रति रुचि और मजबूत हुई है।