विश्वविद्यालय में आई ट्रिपल ई द्वारा कोडिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया

विश्वविद्यालय में आई ट्रिपल ई द्वारा कोडिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया

जौनपुर । वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर के इंजीनियरिंग संकाय में आई ट्रिपल ई स्टूडेंट ब्रांच द्वारा कंप्यूटर प्रोग्रामिंग “कोड एरेना 2026” प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें विश्वविद्यालय के छात्रों ने प्रतिभाग किया। तीन चरण में होने इस प्रतियोगिता में पहले चरण और दूसरे चरण में पचास फीसदी अंक पाने वाले छात्र ही तीसरे चरण में जायेंगे। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य छात्रों में कोडिंग कौशल का विकास करना और तकनीकी के क्षेत्र में हो रहे नवाचार जैसे एआई, मशीन लर्निंग, डेटा साइंस, आईओटी के प्रति छात्रों में जागरूकता पैदा करना है ताकि तकनीकी के क्षेत्र में उभरते हुए इन क्षेत्रों में छात्र नए शोध तथा परियोजना कार्य करने के लिए आगे बढ़े।

विश्वविद्यालय परिसर में आई ट्रिपल ई स्टूडेंट ब्रांच की स्थापना की गई है जिसका उद्देश्य तकनीकी क्षेत्रों के प्रति छात्रों में रुचि पैदा करना, देश दुनिया में हो रहे तकनीकी शोध से छात्रों को परिचित कराना और छात्रों में प्रोफेशनल स्किल का विकास करना है। इंजीनियरिंग संकाय के संकायाध्यक्ष प्रो. सौरभ पाल और कंप्यूटर साइंस एके विभागाध्यक्ष डॉ. विक्रांत भटेजा के निर्देशन में आई ट्रिपल ई कार्य कर रहा है।

“कोड एरेना 2026” कोडिंग प्रतियोगिता का आयोजन आई ट्रिपल ई के सक्रिय सदस्यों के द्वारा किया गया। प्रतियोगिता से पूर्व छात्रों को संबोधित करते हुए आई ट्रिपल ई के फैकल्टी कॉर्डिनेटर श्री दिलीप यादव ने छात्रों को आई ट्रिपल ई के बारे में तथा आई ट्रिपल के कार्यों के बारे में बताते हुए आई ट्रिपल ई की सदस्यता की फायदे के बारे में भी प्रकाश डाला। 

कार्यक्रम में स्टूडेंट ब्रांच चेयर सृजन श्रीवास्तव, वेब मास्टर अनुराग पाल, वाइस चेयर अदिति श्रीवास्तव, हिमानी मौर्य, विजयमल यादव, खुशी निषाद और सागर साहू आदि सदस्य उपस्थित थे।