हर विकासखंड में प्रतिमाह न्यूनतम एक हजार आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य

हर विकासखंड में प्रतिमाह न्यूनतम एक हजार आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य

देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट कार्यकक्ष में स्वास्थ्य विभाग एवं श्रम विभाग की संयुक्त समन्वय बैठक हुई।बैठक में जीरो पावर्टी के तहत चिन्हित एवं पंजीकृत बीओसीडब्ल्यू (BOCW) श्रमिकों तथा उनके परिवारों के करीब 38,736 परिवारों को आयुष्मान कार्ड से आच्छादित किए जाने को लेकर कार्ययोजना पर चर्चा की गई। इसके साथ ही 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के पात्र वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने पर भी विशेष जोर दिया गया।

          जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक विकासखंड में विशेष शिविर आयोजित कर पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं। उन्होंने 17, 21, 23, 25 एवं 29 सितंबर को विशेष कैंप लगाकर श्रमिकों के आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए। कार्ड तैयार होने के बाद तहसील स्तर पर जनप्रतिनिधियों के माध्यम से उनका वितरण कराया जाएगा।

         सभी विकासखंडों के खंड विकास अधिकारियों को लाभार्थियों का विस्तृत डाटा उपलब्ध करा दिया गया है। प्रत्येक ग्राम पंचायत में पंचायत सचिव, आशा, एएनएम, सीएचओ, पंचायत सहायक एवं रोजगार सेवक पात्र लाभार्थियों को मोबिलाइज करते हुए आयुष्मान कार्ड बनवाने में सहयोग करेंगे।

           जिलाधिकारी ने प्रत्येक विकासखंड में प्रतिमाह न्यूनतम एक हजार आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया। स्वास्थ्य एवं श्रम विभाग संयुक्त रूप से अभियान की प्रगति की नियमित समीक्षा करेंगे। उन्होंने अभियान को मिशन मोड में संचालित करते हुए पात्र बीओसीडब्ल्यू श्रमिकों एवं उनके परिवारों को अधिकतम कवरेज प्रदान करने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी पात्र परिवार आयुष्मान कार्ड के लाभ से वंचित न रहे।

     बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रेम नारायण सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, सहायक श्रम आयुक्त समेत संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।