सतर्कता से टली अपहरण की घटना, होमगार्ड विजय प्रताप सिंह को एसएसपी ने किया सम्मानित
गोरखपुर। ड्यूटी के दौरान होमगार्ड विजय प्रताप सिंह की सतर्कता और सूझबूझ से एक संभावित अपहरण की घटना समय रहते टल गई। संदिग्ध गतिविधि पर नजर पड़ते ही उन्होंने तत्काल कार्रवाई कर पुलिस को सूचना दी, जिससे आरोपियों को पकड़ने में सफलता मिली।
बताया जा रहा है कि ड्यूटी के दौरान होमगार्ड विजय प्रताप सिंह को एक ऑटो में सवार कुछ व्यक्तियों का आचरण संदिग्ध प्रतीत हुआ। इस पर उन्होंने ऑटो को रोकने का प्रयास किया। होमगार्ड को देखते ही ऑटो में सवार दो युवक मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही विजय प्रताप सिंह ने तुरंत उच्चाधिकारियों को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ऑटो चालक और ऑटो को हिरासत में ले लिया। इसके बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य माध्यमों की मदद से फरार हुए दोनों अभियुक्तों को भी पकड़ लिया।
होमगार्ड विजय प्रताप सिंह की तत्परता और सूझबूझ के कारण एक संभावित अपहरण की घटना को समय रहते रोक लिया गया। उनके इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, गोरखपुर ने उन्हें ₹10,000 के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि होमगार्ड की सतर्कता और जिम्मेदारी का यह कार्य अन्य पुलिसकर्मियों के लिए भी प्रेरणादायक है।
