राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज से की भेंट कर किया आध्यात्मिक संवाद कर लिया आशीर्वाद
मथुरा। भारत की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी ने अपने तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश दौरे के दूसरे दिन, आज 20 मार्च 2026 को वृंदावन धाम पहुंचकर प्रसिद्ध रसिक संत श्री हित प्रेमानंद गोविंद शरण जी महाराज से भेंट की। वराह घाट स्थित श्री हित राधा केली कुंज आश्रम में हुई यह मुलाकात सुबह करीब 7:25 बजे शुरू हुई और लगभग 27 मिनट तक चली। इस दौरान राष्ट्रपति ने महाराज जी को सप्रेम प्रणाम किया और उनके उपदेशों को अत्यंत ध्यानपूर्वक सुना। दोनों के बीच सनातन धर्म, भक्ति मार्ग और राधा-कृष्ण भक्ति जैसे आध्यात्मिक विषयों पर सार्थक संवाद हुआ।
आश्रम में पीला रंग-थीम और विशेष सजावट के बीच भक्तिमय वातावरण बना रहा, जहां राष्ट्रपति और महाराज जी ने एक-दूसरे का माल्यार्पण कर और हाथ जोड़कर अभिवादन किया। राष्ट्रपति के साथ उनके परिवारजन और सहयोगी भी इस पावन अवसर पर मौजूद रहे। यह भेंट उनके 19-21 मार्च के ब्रज प्रवास का मुख्य हिस्सा है, जिसके तहत उन्होंने 19 मार्च को अयोध्या में राम मंदिर के दर्शन किए थे। आज 20 मार्च को प्रेमानंद जी से भेंट के बाद उनके कार्यक्रम में प्रेम मंदिर की आरती, नीम करौली बाबा आश्रम, उड़िया बाबा आश्रम और गोवर्धन गिरिराज परिक्रमा भी शामिल है।
राष्ट्रपति का यह दौरा उनकी सादगी और वैष्णव भक्ति परंपरा के प्रति अटूट श्रद्धा को प्रदर्शित करता है। संत प्रेमानंद जी महाराज, जिनके प्रवचन करोड़ों लोगों तक पहुँचते हैं, उनसे राष्ट्रपति की इस मुलाकात ने श्रद्धालुओं के बीच भारी उत्साह पैदा कर दिया है। सुरक्षा कारणों से मथुरा-वृंदावन में कड़े प्रबंध किए गए थे और ट्रैफिक एडवाइजरी के कारण कई स्थानों पर जाम की स्थिति भी रही।
