बिना अनुमति सड़क खोदने से बिजली आपूर्ति बाधित, बड़ा हादसा टला
बिना अनुमति सड़क खोदने से बिजली आपूर्ति बाधित, बड़ा हादसा टला
लखनऊ। नाका थाना क्षेत्र के विजय नगर स्थित सूर्य मार्केट में बिना अनुमति पानी की पाइपलाइन के लिए सड़क खोदने का मामला सामने आया है। लापरवाही के चलते खुदाई के दौरान बिजली की लाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। गनीमत रही कि समय रहते बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, एक ओर बरसात के मौसम में सड़क खुदाई पर रोक के निर्देश लागू हैं, वहीं दूसरी ओर बिना किसी विभागीय अनुमति के खुलेआम गड्ढा खोदा जा रहा था। घटना के बाद मौके पर मौजूद मजदूर भागने लगे, लेकिन सतर्क निवासियों ने एक मजदूर को पकड़ लिया और मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी।
सूचना मिलने पर बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में बिना अनुमति खुदाई किए जाने की बात सामने आई। विभागीय अधिकारियों ने बिजली लाइन क्षतिग्रस्त होने की पुष्टि करते हुए आपूर्ति बहाल करने का कार्य शुरू कराया।
स्थानीय नागरिकों ने बिना अनुमति खुदाई कराने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते स्थिति पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो किसी व्यक्ति की जान भी जा सकती थी। अब सभी की नजर कार्रवाई पर टिकी हुई है।
