बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का सलेमपुर में प्रदर्शन 

बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का सलेमपुर में प्रदर्शन 

देवरिया। जनपद के सलेमपुर कस्बे में किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पांडेय के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ती कीमतों और महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान भ्रष्टाचार और समान शिक्षा नीति लागू करने की मांग भी उठाई गई।

दोपहर की तपती धूप में कार्यकर्ताओं ने सलेमपुर डाकबंगला से बस स्टैंड और गांधी चौक होते हुए तहसील मुख्यालय तक 'सद्भावना पदयात्रा' निकाली। तहसील कार्यालय पर एक जनसभा का आयोजन किया गया, जिसके बाद राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन नायब तहसीलदार हरि प्रसाद को सौंपा गया।

किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पांडेय ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार ने पेट्रोल, डीजल और गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाकर आम जनता को महंगाई से बेहाल कर दिया है। उन्होंने कहा कि लोग इस स्थिति से निजात चाहते हैं और सरकार में स्वास्थ्य व्यवस्था भी पूरी तरह से खराब हो चुकी है।

मुख्य अतिथि कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विजयशेखर मल्ल रोशन ने कहा कि कांग्रेस ने देश का चौमुखी विकास किया और कल-कारखाने लगाकर रोजगार के अवसर पैदा किए। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार उन सभी कल-कारखानों को बेचने का काम कर रही है और कांग्रेस के बिना देश का भला संभव नहीं है।

पंचायती राज प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव चंद्रभूषण पांडेय ने समान शिक्षा नीति की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार ने शिक्षा को महंगा कर दिया है, जिससे गरीब परिवार के बच्चे उच्च शिक्षा से वंचित हो रहे हैं। कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र पांडेय ने कहा कि आम जनता भाजपा सरकार से ऊब चुकी है और कांग्रेस की ओर आशा भरी निगाहों से देख रही है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नागेंद्र शुक्ल ने कार्यकर्ताओं के बल पर इस सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया।

सभा को जिला उपाध्यक्ष भरत मणि त्रिपाठी, शैलेश दूबे, राजेश मिश्र, विमल मिश्र, मुक्तिनाथ, रजनीश उपाध्याय, प्रह्लाद तिवारी, सरोज पांडेय, परमानंद यादव एडवोकेट, लालसाहब यादव, रामअशीष गौंड़, विनोद दूबे, महेंद्र यादव, आचार्य हरेंद्र मिश्र, नागेंद्र तिवारी, मनीष रजक, डॉ. रमेश कुशवाहा, पन्नालाल पाठक, परमानंद प्रसाद, गंगासागर मिश्र, उत्तेज मिश्र, जयराम उपाध्याय, प्रमोद श्रीवास्तव, डॉ. नरेंद्र यादव, रोहित यादव, राहुल मिश्र, रामेश्वर कुशवाहा, सुरेंद्र यादव, प्रमोद चौधरी, अशोक कुमार और सुजीत कुमार सहित कई अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।