देवरिया में नए ओवरब्रिज का विरोध, वाई -शेप ओवरब्रिज और स्थाई अंडरपास की उठी मांग
देवरिया। जिले के भीखमपुर रोड क्षेत्र में प्रस्तावित नए ओवरब्रिज के निर्माण को लेकर स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों में गहरा असंतोष व्याप्त है। जनपद के रामगुलाम टोला, भीखमपुर रोड और मोतीलाल रोड के सैकड़ों नागरिकों ने एकजुट होकर भीखमपुर रोड स्थित दुर्गेश तिवारी के आवास पर बैठक कर प्रस्तावित योजना के खिलाफ जोरदार आवाज उठाई और प्रशासन के समक्ष अपनी मांगें रखीं।
क्षेत्रवासियों ने स्पष्ट किया कि वे शहर के विकास के खिलाफ नहीं हैं, बल्कि बिना दूरदर्शिता के किए जा रहे निर्माण के विरोध में हैं। नागरिकों का कहना है कि वर्तमान प्रस्तावित डिजाइन से वर्षों से बसे व्यापारियों, दुकानदारों और आम नागरिकों को भारी विस्थापन और तोड़फोड़ का सामना करना पड़ेगा।
क्षेत्रवासियों की प्रमुख मांगें थी कि ओवरब्रिज के बजाय पुराने ओवरब्रिज से ही वाई-आकार में जोड़कर भीखमपुर रोड की ओर मार्ग निकाला जाए। स्थानीय आवागमन को सुगम बनाने के लिए भीखमपुर रोड पर स्थायी अंडरपास का निर्माण हो।
माल गोदाम का स्थानांतरण: शहर के बीच स्थित रेलवे माल गोदाम को बाहर स्थानांतरित किया जाए, ताकि भारी वाहनों की आवाजाही, धूल-प्रदूषण और जाम की समस्या से निजात मिल सके। प्रदर्शन में शामिल मुख्य रूप से डब्लू मणि त्रिपाठी, संजय गुप्ता, दुर्गेश तिवारी और परमेश्वर पटेल समेत अन्य वक्ताओं ने एक स्वर में कहा, हम विकास के विरोधी नहीं हैं, हम गलत विकास और गलत ओवरब्रिज के विरोधी हैं।
नागरिकों ने चेतावनी दी कि यदि जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए परियोजना के नक्शे में तत्काल संशोधन नहीं किया गया, तो वे लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान विष्णु अग्रवाल, अमित गुप्ता, सौरव केडिया, प्रमोद गुप्ता और अजय यादव सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
