डीएम देवरिया का निर्देश प्राथमिक विद्यालय में 12 अगस्त को होगी अभिभावक बैठक
जिलाधिकारी की पहल पर पहली बार ग्राम बाल कल्याण समिति की बैठक के साथ होगी पीटीएम
देवरिया। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी की पहल पर जनपद देवरिया में पहली बार ग्राम बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति तथा अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) का आयोजन एक साथ किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार मिशन वात्सल्य योजना के उद्देश्यों के अनुरूप बच्चों के संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं समग्र विकास के लिए ग्राम स्तर पर प्रभावी समन्वय स्थापित करने हेतु जनपद की समस्त ग्राम पंचायतों में ग्राम बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक 12 अगस्त 2026 को अपराह्न 2:00 बजे आयोजित की जाएगी।
इसके साथ ही संबंधित ग्राम पंचायत के परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में उसी दिन अभिभावक-शिक्षक बैठक (Parent-Teacher Meeting - PTM) भी आयोजित की जाएगी, ताकि बच्चों के नामांकन, नियमित उपस्थिति, सीखने की गुणवत्ता, बाल संरक्षण, स्वास्थ्य, पोषण तथा सामाजिक सुरक्षा से जुड़े विषयों पर सामुदायिक सहभागिता सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सचिव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा, एएनएम, विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक, पंचायत सहायक, बीट पुलिस अधिकारी, स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधि, अभिभावक तथा किशोर/बाल प्रतिनिधि प्रतिभाग करेंगे।
बैठक की कार्यवाही (Minutes of Meeting) निर्धारित प्रारूप पर तैयार की जाएगी। प्रत्येक ग्राम पंचायत की बैठक की कार्यवाही संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा संकलित कर संबंधित बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) को उपलब्ध कराई जाएगी। समस्त कार्यवाहियों का संकलन कर जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीडीएस), देवरिया के माध्यम से जिला प्रोबेशन अधिकारी, देवरिया को प्रेषित किया जाएगा, जिससे जनपद स्तर पर समीक्षा एवं आवश्यक अनुवर्ती कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
