जिलाधिकारी ने वन स्टॉप सेंटर एवं चाइल्ड हेल्पलाइन का किया औचक निरीक्षण
जिलाधिकारी ने वन स्टॉप सेंटर एवं चाइल्ड हेल्पलाइन का किया औचक निरीक्षण
देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने आज वन स्टॉप सेंटर एवं चाइल्ड हेल्पलाइन का औचक निरीक्षण कर वहां की सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, भोजन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ रखी जाए। यहां तैनात सभी कर्मी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी सजगता, संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ करें। केंद्र पर आने वाली बच्चियों की सुरक्षा एवं समुचित देखभाल में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने केंद्र में रहने वाली बच्चियों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के साथ ही उनकी आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चियों को सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाए तथा उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और देखभाल से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएं प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाएं।
जिलाधिकारी ने उपस्थित कर्मियों से कहा कि केंद्र पर आने वाली प्रत्येक बच्ची के साथ संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए। उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार आवश्यक सहायता एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि केंद्र की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करते हुए यह सुनिश्चित करें कि बच्चियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
