देवरिया में 18 माह के मासूम ने सांप के बच्चे को काटा, हालत बिगड़ने पर गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर
सांप को खिलौना समझ मासूम ने मुंह में दबाया, काटते ही बिगड़ी हालत, मेडिकल कॉलेज रेफर
देवरिया। जिले के गौरी बाजार थाना क्षेत्र के सुपरी बुजुर्ग गांव में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां 18 माह के मासूम पीयूष ने खेल-खेल में एक जहरीले सर्प के बच्चे को खिलौना समझकर मुंह में डाल लिया और दांत से काट दिया। बताया जा रहा है कि सर्प के बच्चे की मौत हो गई, लेकिन कुछ ही देर बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ने लगी।
परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पहली बार ऐसा मामला देखा है, जहां किसी बच्चे ने सांप को ही काट लिया हो।
फिलहाल मासूम का इलाज जारी है और परिजन उसकी सलामती की दुआ कर रहे हैं। वहीं चिकित्सकों ने अभिभावकों से बच्चों पर विशेष निगरानी रखने और उन्हें जहरीले जीव-जंतुओं से दूर रखने की अपील की है।
