विद्यार्थियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कुलपति की पहल

विद्यार्थियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कुलपति की पहल

विद्यार्थियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कुलपति की पहल,

-- छात्र शिकायत निवारण समिति गठित, कार्यदिवसों में रोज एक घंटे विद्यार्थियों से संवाद करेंगे कुलपति

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों की समस्याओं, शिकायतों और सुझावों के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान के लिए छात्र शिकायत निवारण समिति का गठन किया गया है। यह पहल कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह के मार्गदर्शन में की गई है।

विगत दिनों विद्यार्थियों ने कुलपति से मुलाकात कर अपनी विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया था। कुलपति ने उनकी समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया था। इसके बाद शिकायतों के समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण के लिए समिति गठित की गई।

डीएसडब्ल्यू प्रो. प्रमोद कुमार यादव को समिति का अध्यक्ष/समन्वयक बनाया गया है। प्रबंधन अध्ययन संकाय के प्रो. अविनाश डी. पाथर्डीकर, विज्ञान संकाय के प्रो. राजेश शर्मा, इंजीनियरिंग संकाय के प्रो. रजनीश भास्कर और अनुप्रयुक्त मनोविज्ञान विभाग की डॉ. अन्नू त्यागी सदस्य होंगी। एलएलएम छात्र सत्र 2026-27 के अभिनव कीर्ति पाण्डेय को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।

समिति विद्यार्थियों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उनके समाधान की प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाएगी। इससे छात्रों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए संस्थागत मंच उपलब्ध होगा।

इनसेट : रोज एक घंटे विद्यार्थियों से संवाद करेंगे कुलपति

जौनपुर। विद्यार्थियों से सीधे संवाद के लिए कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने नई व्यवस्था शुरू की है। प्रत्येक कार्यदिवस सुबह 9 से 10 बजे तक विद्यार्थी कुलपति से सीधे मिलकर अपनी समस्याएं और सुझाव रख सकेंगे। मंगलवार और शनिवार को यह व्यवस्था लागू नहीं होगी।

इस दौरान छात्र-छात्राएं शैक्षणिक, प्रशासनिक, छात्रावास, परीक्षा, पुस्तकालय, खेलकूद, छात्र कल्याण सहित विश्वविद्यालय से जुड़े अन्य विषयों पर अपनी बात रख सकेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन का उद्देश्य समस्याओं को सीधे समझकर आवश्यक मामलों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करना है।