राजस्व निरीक्षक संघ गोरखपुर के चुनाव परिणाम घोषित, नए पदाधिकारियों ने संभाली जिम्मेदारी
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश राजस्व निरीक्षक संघ की जनपद शाखा गोरखपुर के निर्वाचन के बाद विजयी पदाधिकारियों को एसडीएम सदर दीपक गुप्ता ने प्रमाण पत्र प्रदान किए। रविवार को सदर तहसील सभागार में आयोजित कार्यक्रम में शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से चुनाव प्रक्रिया संपन्न होने के उपरांत नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को औपचारिक रूप से प्रमाण पत्र सौंपे गए। निर्वाचन अधिकारी की देखरेख में हुए चुनाव में अध्यक्ष पद पर लालजी पाठक, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर राजेश प्रसाद, कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर सतीश चन्द्र त्रिपाठी, मंत्री पद पर हरिप्रकाश श्रीवास्तव, उप मंत्री पद पर भगवान प्रसाद, संगठन मंत्री पद पर लालचन्द, कोषाध्यक्ष पद पर राम प्रसाद तथा ऑडिटर पद पर संतोष कुमार गुप्ता निर्वाचित घोषित किए गए।
एसडीएम सदर दीपक गुप्ता ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि वे संगठन की गरिमा बनाए रखते हुए राजस्व विभाग के हितों और कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने संगठन और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय को प्रगति का आधार बताया।
कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों ने भी सभी विजयी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं दीं और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। अंत में नव-निर्वाचित पदाधिकारियों ने निष्पक्ष एवं सफल चुनाव प्रक्रिया के लिए प्रशासन एवं चुनाव अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और उपस्थित लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
