कार्यकर्ताओ के दम पर पार्टी होगी मजबूत: कुँवर अक्षय प्रताप सिंह
देवरिया। जनसत्ता लोकतांत्रिक पार्टी की राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक शनिवार को देवरिया स्थित पीडब्ल्यूडी डाक बंगले में संपन्न हुई। बैठक के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद एवं विधान परिषद सदस्य कुँवर अक्षय प्रताप सिंह रहे। बैठक में पार्टी को मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
पार्टी के मुख्य समीक्षक कुँवर अक्षय प्रताप सिंह ने अपने संबोधन में कहा, "किसी भी पार्टी की नींव उसके कार्यकर्ता होते हैं। कार्यकर्ता ही आम जनता तक पार्टी की नीतियों को पहुंचाते हैं।" उन्होंने दावा किया कि जनसत्ता लोकतांत्रिक पार्टी देश की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी है और यदि कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से राष्ट्रीय अध्यक्ष कुँवर रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की जनकल्याणकारी एवं किसान-युवा हितैषी नीतियों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं तो 2027 के चुनाव में पार्टी इतिहास रचने को तैयार होगी।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष विनोद सरोज, प्रदेश महासचिव डॉ. विनोद सिंह राजावत ने भी कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।
जिलाध्यक्ष पंकज सिंह ने कहा कि देवरिया में सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से काम कर रहे हैं और जिले में पार्टी को मजबूत बनाएंगे। बैठक के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं युवा जिलाध्यक्ष लोकेश पांडेय सहित अन्य पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
