भतीजे ने चाची पर कुदाल से किया प्रहार हुई हत्या
देवरिया। जिले के महुआडीह थाना क्षेत्र के रामपुर बनहर गांव में देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब दो पट्टीदारों के बीच कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान रिश्ते में भतीजे राज विश्वकर्मा ने कुदाल से प्रहार कर अपने चाची की हत्या कर दी। घटना की जानकारी होने पर पूरे गांव में हड़कंप मंच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया । तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस मुस्तैद है।महुआडीह थाना क्षेत्र के रामपुर बनहर गांव में निवासी दिनेश विश्वकर्मा और उमेश विश्वकर्मा दोनों पट्टीदार है । बुधवार की देर रात इन दोनों के परिवार के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी के बाद विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
इसी दौरान दिनेश विश्वकर्मा के बड़े बेटे ने कुदाल से उमेश विश्वकर्मा जो कि विदेश रहते हैं की पत्नी रविता देवी (43) के सिर पर कुदाल से प्रहार कर दिया। गंभीर चोट लगने से ही मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजन ग्रामीणों के सहयोग से आनन-फानन में रविता देवी को देवरिया मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची महुआडीह थाना पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया। वहीं, क्षेत्राधिकारी संजय कुमार रेड्डी ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का जायजा लिया। घटना के बाद से आरोपी युवक और उसके परिजन फरार है। पुलिस टीम द्वारा आस पास के लोगों से पूछताछ करते हुए आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
वहीं इस संबंध में क्षेत्राधिकारी संजय कुमार रेड्डी ने जारी बयान में बताया कि बताया कि दिनांक 15.04.2026 की रात्रि में करीब 10.30 बजे जनपद देवरिया के थाना महुआडीह क्षेत्रान्तर्गत ग्राम रामपुर बनहर में दो सगे पट्टीदारों में आपसी कहासुनी में गाली-गलौज व मारपीट के दौरान एक 40 वर्षीय महिला रबिता देवी के सर पर चोट आ गयी जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गयी । जिनको परिजनों द्वारा ईलाज हेतु मेडिकल कॉलेज देवरिया ले जाया गया जहां चिकित्सकों द्वारा उनको मृत घोषित कर दिया गया । जिसके सम्बन्ध में मृतका के बेटे की तहरीर पर थाना स्थानीय पर 03 नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है, जिसमें एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ करते हुए नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है ।
