प्रतिमा विसर्जन के दौरान तालाब में डूबने लगा युवक, आरक्षी ने जान पर खेलकर बचाई जान

प्रतिमा विसर्जन के दौरान तालाब में डूबने लगा युवक, आरक्षी ने जान पर खेलकर बचाई जान

गोरखपुर। पिपराइच थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरा वसंत में लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। प्रतिमा विसर्जन के लिए पहुंचे लोगों के बीच उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आकाश पासवान तालाब के गहरे पानी में डूबने लगा। मौके पर विसर्जन ड्यूटी में तैनात आरक्षी अजीत कुमार ने बिना देर किए तालाब में छलांग लगा दी और अपनी जान की परवाह किए बगैर डूब रहे युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आरक्षी की सूझबूझ और साहस से एक युवक की जान बच गई।

जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर को ग्राम पिपरा वसंत में लक्ष्मी प्रतिमा का विसर्जन किया जा रहा था। इस दौरान आकाश पासवान पुत्र अमरजीत पासवान, जो अपनी रिश्तेदारी में ग्राम पिपरा वसंत आया हुआ था, लोगों के मना करने के बावजूद तालाब के गहरे पानी में चला गया। पानी की गहराई अधिक होने के कारण वह डूबने लगा। युवक को डूबता देख मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। लोग उसे बचाने के लिए परेशान हो उठे।

इसी दौरान विसर्जन ड्यूटी पर तैनात आरक्षी अजीत कुमार की नजर डूबते युवक पर पड़ी। उन्होंने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तत्काल तालाब में छलांग लगा दी। कड़ी मशक्कत के बाद उन्होंने आकाश पासवान को पानी से बाहर निकाल लिया। समय रहते मिली मदद से युवक की जान बच गई। घटना के बाद उसे सुरक्षित पाया गया और फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

आरक्षी अजीत कुमार की तत्परता और साहसिक कदम की स्थानीय ग्रामीणों एवं क्षेत्रीय लोगों ने सराहना की है। प्रतिमा विसर्जन जैसे आयोजनों में सुरक्षा ड्यूटी निभाते हुए उन्होंने जिस जिम्मेदारी और बहादुरी का परिचय दिया, उससे पुलिस विभाग की मानवीय संवेदनशीलता भी सामने आई है। उनकी सूझबूझ से एक परिवार के घर में मातम छाने से बच गया।