ओम एस्ट्रल इंस्टीट्यूट की जिला स्तरीय मेगा टेस्ट परीक्षा संपन्न, 850 विद्यार्थियों ने आजमाया भाग्य
ओम एस्ट्रल इंस्टीट्यूट की जिला स्तरीय मेगा टेस्ट परीक्षा संपन्न, 850 विद्यार्थियों ने आजमाया भाग्य
देवरिया। कसया रोड स्थित ओम एस्ट्रल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में रविवार (11 अक्टूबर) को ओम एस्ट्रल इंस्टीट्यूट द्वारा आयोजित जिला स्तरीय मेगा टेस्ट का सफल आयोजन हुआ। इस प्रतियोगिता में हर वर्ष की तरह इस बार भी देवरिया जिले की सभी तहसीलों से लगभग 850 छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता को तीन श्रेणियों (ग्रुप ए, बी और सी) में विभाजित किया गया था, जिसमें कक्षा 2 से लेकर 12वीं तक के विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। परीक्षा में बहुविकल्पीय (MCQ) प्रारूप में सामान्य ज्ञान (GK), सामान्य अध्ययन (GS), रीजनिंग, गणित, विज्ञान और हिंदी विषयों से जुड़े प्रश्न पूछे गए, जिनके उत्तर परीक्षार्थियों ने ओएमआर (OMR) शीट पर दिए।
संस्था के प्रबंधक के.डी. द्विवेदी ने परीक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जब बच्चे अपने स्कूल से बाहर निकलकर ऐसे बड़े मंचों पर परीक्षा देते हैं, तो उनके भीतर का संकोच (हेसिटेशन) दूर होता है और आत्मविश्वास बढ़ता है। उन्होंने कहा, "अक्सर देखा गया है कि बोर्ड परीक्षाओं के दौरान छात्र भारी मानसिक दबाव में रहते हैं। इस तरह की मॉक और मेगा परीक्षाएं बच्चों के मनोबल को बढ़ाती हैं और उनका ज्ञानवर्धन कर उन्हें भविष्य की बड़ी चुनौतियों के लिए तैयार करती हैं।"
संस्थान द्वारा मेधावियों को प्रोत्साहित करने के लिए भव्य पुरस्कारों की घोषणा की गई है। परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को कंप्यूटर, द्वितीय स्थान पाने वाले दो विद्यार्थियों को साइकिल, तृतीय स्थान पर आने वाले तीन विद्यार्थियों को विशेष अवार्ड, चतुर्थ स्थान के चार विद्यार्थियों को मिनी अवार्ड और पांचवें स्थान पर रहने वाले 10 विद्यार्थियों को मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा।
यह पुरस्कार वितरण आगामी 1 जनवरी 2027 को ओम एस्ट्रल इंस्टीट्यूट के वार्षिक उत्सव (एनुअल फंक्शन) के अवसर पर किया जाएगा। परीक्षा के परिणाम और पुरस्कार की जानकारी विद्यार्थियों को मैसेज व कॉल के माध्यम से दी जाएगी।
मेगा टेस्ट को पूरी पारदर्शिता और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में डायरेक्टर केशव धर द्विवेदी, प्रिंसिपल सौम्या द्विवेदी, बिजनेस मैनेजर (बीएम) पूनम मद्धेशिया सहित खुशी प्रजापति, आंचल जायसवाल, नेहा तिवारी, सौम्या तिवारी, दीपिका, राजन गुप्ता, तुषार विश्वकर्मा, सत्येंद्र कुशवाहा, नीरज पांडे, रिशु तिवारी, अतुल, सूर्यांश, करण प्रजापति, आकृति सिंह, कृष्णानंद, अथर्व पांडे, निशा गुप्ता, किसलय कुमार, राबिया, अभिषेक प्रजापति, शीतल मद्धेशिया, सुप्रिया सिंह, विकास मद्धेशिया, शिवम यादव, श्रुति, सत्यम, कनिष्का यादव, आदित्य कुमार यादव, रोशनी यादव, खुशी राय, हिमांशु, आकांक्षा, अभिषेक, मानसी, सद्दाम हुसैन, अमन कुमार पांडे, नीलू सिंह, प्रिया, शुभम और अंशिका गुप्ता आदि शिक्षक व वालंटियर्स की टीम का सराहनीय योगदान रहा।
