विश्वविद्यालय परिसर में जलभराव की समस्या दूर करने के लिए विशेषज्ञों ने किया मंथन
कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने विशेषज्ञों के साथ परिसर के विभिन्न स्थानों का किया निरीक्षण,
बारिश के पानी की निकासी के स्थायी समाधान पर पहल
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर में बारिश के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने पहल शुरू कर दी है। बुधवार को कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने विशेषज्ञों एवं विश्वविद्यालय के अधिकारियों के साथ विश्वविद्यालय परिसर के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान बारिश के पानी की निकासी की मौजूदा व्यवस्था, नालियों, जलभराव वाले स्थानों तथा पानी के बहाव की स्थिति का जायजा लिया गया।
निरीक्षण करने वाली विशेषज्ञ टीम में प्रो. एस. पी. शुक्ला, निदेशक, सेंटर फॉर एडवांस्ड स्टडीज, इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी लखनऊ, के साथ डॉ. सुमित गांधी एवं डॉ. इंद्रजीत शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान कुलपति ने कहा कि बरसात के समय परिसर में कई जगह पानी जमा हो जाता है, जिससे आवागमन में परेशानी होती है। इस समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है। उन्होंने विशेषज्ञों से पूरे परिसर का तकनीकी अध्ययन कर ऐसी ड्रेनेज व्यवस्था तैयार करने को कहा, जिससे बारिश का पानी आसानी से निकल सके और कहीं जलभराव न हो। इसके लिए परिसर की ढलान, नालियों की स्थिति तथा पानी के बहाव को ध्यान में रखकर बेहतर जल निकासी योजना बनाने पर चर्चा हुई।
कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर में जल निकासी की व्यवस्था को बेहतर एवं व्यवस्थित बनाना प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ड्रेनेज योजना तैयार करते समय तकनीकी विशेषज्ञों की सलाह को महत्व दिया जाए, ताकि बारिश के पानी की निकासी सुचारु हो और भविष्य में जलभराव की समस्या से निजात मिल सके।
निरीक्षण में प्रो. अविनाश, प्रो. प्रमोद यादव, प्रो. अजय प्रताप सिंह, विश्वविद्यालय के इंजीनियर आरके सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
