दिव्यांग बच्चो को आत्मनिर्भर बनाने को शिक्षको ने लिया प्रशिक्षण

दिव्यांग बच्चो को आत्मनिर्भर बनाने को शिक्षको ने लिया प्रशिक्षण

दिव्यांग बच्चो को आत्मनिर्भर बनाने को शिक्षको ने लिया प्रशिक्षण

गोरखपुर। समावेशी शिक्षा के तहत दिव्यांग बच्चों को बेहतर शिक्षा एवं प्रशिक्षण देकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से बीआरसी खोराबार में आयोजित पांच दिवसीय सहायक शिक्षकों का प्रशिक्षण संपन्न हुआ। प्रशिक्षण में ब्लॉक के परिषदीय विद्यालयों के 41 सहायक अध्यापक एवं अध्यापिकाओं ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण खंड शिक्षा अधिकारी देवमुनी वर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण में सात मास्टर ट्रेनरों ने दिव्यांगता के विभिन्न प्रकारों पर विस्तार से प्रकाश डाला। प्रमुख रूप से बौद्धिक दिव्यांगता, अल्प दृष्टि दिव्यांगता, पूर्ण दृष्टि दिव्यांगता एवं श्रवण बाधित दिव्यांगता की पहचान, लक्षण, रोकथाम तथा उनके शिक्षण-प्रशिक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। मास्टर ट्रेनरों ने दिव्यांग बच्चों की जरूरतों के अनुसार शिक्षण विधियों को अपनाने और उनकी क्षमताओं को विकसित करने के बारे में बताया।

प्रशिक्षण के दौरान सुमंत यादव ने ब्रेल लिपि, अभिविन्यास एवं चलन कौशल, ट्रेलर फ्रेम तथा सांकेतिक भाषा के माध्यम से भाषा ज्ञान और गणितीय कौशल विकसित करने की विधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उचित शिक्षण पद्धति, सहयोग और प्रोत्साहन से दिव्यांग बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाकर आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है।

खंड शिक्षा अधिकारी देवमुनी वर्मा ने कहा कि दिव्यांग बच्चों के अंदर छिपी प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना शिक्षकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। ऐसे प्रशिक्षण से शिक्षकों को दिव्यांग बच्चों की जरूरतों को समझने और उन्हें बेहतर तरीके से शिक्षित करने में मदद मिलेगी। सभी के सामूहिक प्रयास से दिव्यांग बच्चों को स्वावलंबी एवं आत्मनिर्भर बनाकर आगे बढ़ने के अवसर प्रदान किए जा सकते हैं।