महाशिवरात्रि पर्व को लेकर जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने किया सोमनाथ मंदिर का निरीक्षण

महाशिवरात्रि पर्व को लेकर जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने किया सोमनाथ मंदिर का निरीक्षण

देवरिया।आगामी महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनजर जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल एवं पुलिस अधीक्षक श्री विक्रान्त वीर ने आज जनपद के प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर, देवरिया का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया । इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, जिससे श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और पर्व शांतिपूर्ण व सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके ।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकासी मार्गों, पार्किंग व्यवस्था, सफाई व्यवस्था एवं अन्य सुविधाओं का गहन अवलोकन किया । उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, चिकित्सा, साफ-सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखा जाए । 

पुलिस अधीक्षक श्री विक्रान्त वीर ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए मंदिर परिसर एवं आसपास के संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए । उन्होंने बताया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो । इसके अलावा, मंदिर मार्गों पर बैरिकेटिंग, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, हेल्प डेस्क बनाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए । 

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा क्षेत्राधिकारी सदर व थाना प्रभारी कोतवाली को निर्देशित किया गया कि भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सादे वस्त्रों में पुरूष व महिला पुलिस टीम की तैनाती की जाए जिससे महिला श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके ।

निरीक्षण के दौरान एडीएम प्रशासन,एसडीएम सदर, क्षेत्राधिकारी नगर, थाना प्रभारी कोतवाली,यातायात प्रभारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे ।